धर्मशाला : राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने पर कांग्रेस ने केंद्र के खिलाफ बोला हल्ला
राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द किए जाने को लेकर सोमवार को कांगड़ा कमेटी के अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया व प्रदेश कांग्रेस सचिव पुनीत मल्ली की अगुआई में धर्मशाला में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और राहुल गांधी की संसद सदस्यता को तुरंत बहाल करने की मांग की।
कर्ण सिंह पठानिया व पुनीत मल्ली ने कहा कि केंद्र सरकार संसद में गांधी के सवालों से भाग रही है। राहुल गांधी ने अडानी को दिए गए 20 हजार करोड़ रुपये को लेकर प्रश्न किया था, जिसको लेकर केंद्र सरकार तिलमिला उठी है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी को बताना होगा क्यों सारे टेंडर अडानी ग्रुप को दिए गए। कहा कि पिछले 9 सालों से देश में लूट मची हुई है। केंद्र की सरकार अमीरों को संरक्षण देने में लगी हुई है। कई लोग देश का करोड़ों पैसा लेकर विदेशों भाग गए हैं, जिनके खिलाफ केंद्र की सरकार कोइ कदम नहीं उठा सकी है। उन्होंने कहा कि क्या चोर को चोर बोलना गलत है। देश से गरीबों को हटाया जा रहा है तथा अमीरों पर बैकों का पैसा लुटाया जा रहा है। कहा कि नरेंद्र मोदी की तानाशाही अब ज्यादा दिनों तक चलने वाली नहीं है। 2024 के लोकसभा चुनावों में केंद्र की तानाशाही सरकार का अंत होने वाला है।
