धर्मशाला : 350 करोड़ की लागत से स्मार्ट बनेगा ढगवार मिल्क प्लांट - सुधीर शर्मा
धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने स्मार्ट सिटी के विकास के सफर में एक और मील पत्थर रखते हुए ढगवार मिल्क प्लांट को 350 करोड़ रु़पए मंजूर करवा दिए हैं। इस बजट से यह मिल्क प्लांट नई तकनीक से बनेगा। इससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने साथ साथ रोजगार का भी सृजन होगा। वीरवार को धर्मशाला में दो बड़े प्रोग्राम में सुधीर शर्मा ने इस बारे में जानकारी दी।
पहला कार्यक्रम धर्मशाला नगर निगम के तहत वार्ड नंबर 17 सिद्धबाड़ी में हुआ। सिद्धबाड़ी वार्ड नंबर 17 में जनता जनार्दन कार्यक्रम सजा। इसमें सैकड़ों लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। सुधीर शर्मा ने मौके पर ही ज्यादातर समस्याओं का निपटारा कर दिया। शेष मामलों के लिए वहां मौजूद अधिकारियों को शीघ्र निपटारा करने के आदेश दिए। कृषि, बागबानी, पीडब्ल्यूडी, बिजली बोर्ड, जलशक्ति आदि विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आमजन के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि धर्मशाला में बेहतर सुशासन से जनता को लाभ मिल सके।
सिद्धबाड़ी गोरखा भवन को पांच लाख
जनता की मांग पर दिग्गज कांग्रेस नेता व विधायक सुधीर शर्मा ने सिद्धबाड़ी में गोरखा भवन के लिए पांच लाख रुपए मंजूर करवाए हैं। इसके लिए जनता ने सुधीर शर्मा का आभार जताया है। सुधीर शर्मा ने बताया कि रक्कड़ में हेलिपोर्ट को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए तेजी से प्रोसेस चल रहा है। इससे पर्यटन का नया अध्याय शुरू होगा।
दरूणी मेला कमेटी को सौगात
सुधीर शर्मा ने रक्कड़ में दरूणी मेला कमेटी को ढाई लाख प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने किसानों की खातिर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि साब कूहल को प्राथमिकता के आधार पर संवारा जाएगा। उन्होंने कृषि, बागबानी, पीडब्ल्यूडी, बिजली बोर्ड, जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि धर्मशाला हलके के निचले इलाकों में सडक़, बिजली, पानी व कूहलों को हर हाल में बरसात से पहले दुरुस्त करें।
बनगोटू में आईटी पार्क-वेलनेस सेंटर
सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार से बनगोटू में आईटी पार्क मंजूर करवाया है। गत रोज उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने वहां आईटी पार्क के लिए साइट ओके की है। सुधीर शर्मा के विजन से ही बनगोटू में इतना बड़ा प्रोजेक्ट मिला है। इसके अलावा बनगोटू में ही वेलनेस सेंटर बनने जा रहा है। सुधीर शर्मा ने बताया कि लोगों की मांग पर इस प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा किया जाएगा।
