धर्मशाला: वर्ल्ड ओरल हेल्थ डे पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
सोमवार को जिला स्तरीय वर्ल्ड ओरल हेल्थ डे मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा के सौजन्य से सिविल हॉस्पिटल बैजनाथ में मनाया गया। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य लोगों को ओरल हेल्थ तथा ओरल हेल्थ की कमी से होने वाली बीमारियों के बारे में जागरूक करना था। जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ तरुण सूद ने बताया कि हमारा मुंह हमारे शरीर का आईना है। यह हमारे पूरे शरीर के स्वास्थ्य को दर्शाता है अत: अपने मुंह की स्वच्छता के ऊपर हमें विशेष ध्यान देना चाहिए। हमें मुंह से संबंधित अच्छी आदतों को अपनाना चाहिए तथा अपने दांतों का रेगुलर चेकअप करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुबह उठने के बाद तथा रात को सोने से पहले दो बार ब्रश करना अति आवश्यक है, क्योंकि अगर मुंह को अच्छे से साफ नहीं रखेंगे तो खाना हमारे दांतों में फंसा रहेगा, जिससे हमारे मुंह में संक्रमण होने की संभावना बढ़ जाती है। इस मौके पर स्वास्थ्य शिक्षक महाकाल बीरबल वर्मा आदि भी उपस्थित रहे।
