धर्मशाला : कर्मचारियों ने केसीसी बैंक प्रबंधन से उठाई पदोन्नति की मांग
केसीसी बैंक कर्मचारी संगठन ने बैंक प्रबंधन से कर्मचारियों की लंबित पदोन्नति जल्द करने की मांग उठाई है। केसीसी बैंक मुख्यालय में संगठन की बैठक के बाद अध्यक्ष पंकज कुमार ने पत्रकारों को बताया कि संगठन ने अपनी मांगों को लेकर चर्चा की है, जिसमें क्लर्क से असिस्टेंट मैनेजर और हेल्पर कम पीयन से पीयन कम चौकीदार के पदों पर पिछले कुछ सालों से लटकी पदोन्नति जल्द करने की मांग प्रबंधन के समक्ष रखी गई है। करीब 485 कर्मचारी ऐसे हैं, जिनकी पदोन्नति लटकी हुई है। साथ ही बैंक में 25 साल बाद मिलने वाली विशेष वेतन वृद्धि की मांग को भी उठाया गया है। अब बैंक के सौ वर्ष हो चुके हैं और प्रबंधन जल्द इस दिशा में कदम उठाए।
उन्होंने बैंक अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक का भी आभार भी काफी मांगें पूरी करने पर किया है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के नेतृत्व में बढ़िया काम हो रहा है और यही वजह है कि बैंक का लाभांश बढ़ने के साथ एनपीए भी कम हुआ है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि यदि बैंक प्रबंधन संघ की मांगों को स्वीकार नहीं करता है तो संगठन बैठक कर आगामी कदम को निर्णय लेगा। इस दौरान संगठन के महासचिव सुधीर दत्त गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंद्र सिंह व संयुक्त सचिव अरूण कपूर व अन्य संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
