धर्मशाला : जी20 सम्मेलन के लिए आज पहुंचेंगे 20 देशों के मेहमान
धर्मशाला में होने जा रहे जी20 शिखर सम्मेलन के लिए 20 देशों के मेहमान आज पहुंच जाएंगे। इस सम्मेलन से हिमाचल को दुनिया भर में ब्रांडिंग करने का एक बेहतर अवसर मिला है। यह सम्मेलन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के संकल्प को और आगे बढ़ाने में मददगार होगा। लिहाजा, प्रदेश की सुक्खू सरकार इसे हर तरह से यादगार बनाने में जुटी है।
बता दें, 19-20 अप्रैल को होने वाले इस सम्मेलन में विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर चर्चा के लिए विभिन्न देशों के 70 प्रतिनिधि धर्मशाला आएंगे। हिमाचल में उनके प्रवास को यादगार बनाने के लिए तमाम प्रबंध किए गए हैं। सरकार ने जिला प्रशासन को यह तय बनाने को कहा है कि जी20 समूह के प्रतिनिधियों के लिए यहां सभी इंतजाम चौक चौबंद हों। साथ ही उन्हें हिमाचल और कांगड़ा की विरासत, कल्चर के साथ साथ, खानपान, कला, हैंडीक्राफ्ट से भी रूबरू कराया जाए, ताकि वे यहां की समृद्ध संस्कृति की नई तस्वीर अपने दिन दिमाग में सहेज कर साथ ले जाएं। स्पष्ट है भविष्य में इसका सीधा लाभ हिमाचल के पर्यटन उद्योग को मिलेगा।
