धर्मशाला : देश और प्रदेश के विकास में कांग्रेस का अहम योगदान : चंद्र कुमार
** मंत्री ने जवाली विस क्षेत्र के पलोहड़ा में की 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम की अध्यक्षता
** कार्यक्रम में 127 जनसमस्याएं हुई प्राप्त, अधिकतर का मौके पर निपटारा
** विभिन्न विकास कार्यों के लिए 24.50 लाख की राशि की स्वीकृत
कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में कांग्रेस पार्टी का अहम योगदान रहा है। समाज के सभी वर्गों का कल्याण और आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित बनाना कांग्रेस पार्टी का मुख्य लक्ष्य है। ये विचार उन्होंने आज जवाली विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत पलोहड़ा में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस मौके पर उपायुक्त कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक पुलिस जिला नुरपुर अशोक रतन विशेष रूप से उपस्थित रहे ।
चंद्र कुमार ने कहा कि केंद्र की सरकार झूठा प्रचार करके लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है जबकि कांग्रेस पार्टी की सरकार का ध्यान प्रचार के बजाए विकास और सभी वर्गों के उत्थान पर केंद्रित रहता है। जवाली विधानसभा क्षेत्र में भी विकास का श्रेय केवल कांग्रेस सरकार को जाता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के शासनकाल में ही विकास के नए आयाम स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा का पर्याप्त प्रसार हो चुका है और अब प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए कई कदम उठा रही है।
कार्यक्रम में 127 समस्याएं प्राप्त हुई जिनमें से अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र निपटारे के अधिकारियों को निर्देश दिये गए। इन समस्याओं में अधिकतर मामले लोक निर्माण विभाग,जलशक्ति विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व विभाग , बिजली विभाग से सम्बंधित थे।
विकास कार्यों के लिए 24.50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत
कृषि मंत्री ने लोगों की समस्याओं तथा मांग को पूरा करते हुए बढ़ेला पुल से घाड़ जरोट सड़क से जोड़ने के लिए रास्ते के निर्माण हेतु 5 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की। उन्होंने महिला मंडल सरोला व झिकली लुधियाड़ को भवन निर्माण के लिए दो-दो लाख रुपए की राशि स्वीकृत की। इसके अतिरिक्त महिला मंडल टियूकरी व कुठेड़ा को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए की राशि स्वीकृत की। उन्होंने चलवाड़ा-एक में पक्के रास्ते के निर्माण के लिए एक लाख रुपए, फेटी रजोल में रास्ते की मरम्मत के लिए एक लाख रुपए, बस्कवाड़ा से भनेई में रास्ते के साथ नालियों के निर्माण के लिए 3 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की। उन्होंने मकड़ाहन में नाले पर ढंगा लगाने के लिए डेढ़ लाख रुपये, निचली लुधियाड़ में पशु डिस्पेंसरी के निर्माण हेतु 4 लाख रुपए, भलूं पंचायत में दो रास्तों के निर्माण के लिए एक-एक लाख रुपये की राशि स्वीकृत की।
चिकित्सा शिविर में जांचा गया 420 लोगों का स्वास्थ्य
इस मौके पर स्वास्थ्य तथा आयुष विभाग द्वारा लगाए गए चिकित्सा शिविर में 420 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई।
