धर्मशाला : कांग्रेस सरकार पर टिप्पणी करने की बजाए महंगाई पर केंद्र से सवाल करें परमार : पुनीत मल्ली
प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सचिव एवं मीडिया को-ऑर्डिनेटर पुनीत मल्ली ने भाजपा नेता विपिन परमार व त्रिलोक कपूर पर घटिया राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस सरकार पर टिप्पणी करने की बजाए व केंद्र की मोदी सरकार से देश में बढ़ रही महंगाई के बारे में सवाल करें।
पुनीत मल्ली ने कहा कि आज राशन व सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं, गैस की कीमतों में लगातार बढोतरी हो रही है, गरीब व मध्यवर्ग आदमी रोटी के लिए भटक रहा है, जबकि भाजपा नेता घटिया ब्यान बाजी कर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता इस बात को भली भांति जानती है कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान विपन सिंह परमार को स्वास्थ्य मंत्री पद से क्यों हटाया गया था।
उन्होंने कहा त्रिलोक कपूर जो पालमपुर से बुरी तरह चुनाव हारे उन्हे भी इस बात का ज्ञान कर लेना चाहिए जनता ने उन्हे जीत क्यों नही दिलाई। मल्ली ने कहा कि हिमाचल के बाद केंद्र में भी परिवर्तन की लहर चल चुकी है। केंद्र में मोदी सरकार अब चंद दिनों की मेहमान है, क्योंकि नरेंद्र मोदी ने देश की जनता की भावनाओं के साथ खिलबाड़ किया है। उन्होंने कहा कि जयराम ने पांच सालों तक विकास के नाम पर लोगों को मुर्ख बनाया, जिसका सबक जनता ने भाजपा को दे दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने व्यवस्था परिवर्तन के तहत प्रदेश में विकास को गति दी है। प्रदेश आर्थिक रुप से मजबूत कैसे हो इस पर कार्य किया जा रहा है। जनता के हक्कों को सुरक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंद दिनों में ही जो सौगातें जिला कांगड़ा को दी हैं वे पूर्व भाजपा की सरकार पांच सालों में भी नही दे पाई, जो कि ब्यानबाजी करने वाले ऐसे भाजपा नेताओं के लिए यह शर्म की बात है। पुनीत मल्ली ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा चारो खाने चित होगी तथा केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
