धर्मशाला : तहसील कोटला की पंचायत डोल में भूस्खलन से दो मकानों को खतरा
( words)

कांगड़ा जिले में भारी बारिश से काफी जानमाल का नुकसान हो रहा है। जिले के उप मंडल जवाली की तहसील कोटला की पंचायत डोल के वार्ड 5 में भूस्खलन के कारण करतार चंद पुत्र माहलो राम के दो मकानों को खतरा बना हुआ है। 11 अगस्त को उनके मकानों के पास भारी भूस्खलन हुआ था। मकानों के साथ लगती जमीन धीरे-धीरे खिसक रही है, जिस कारण ये मकान कभी भी गिर सकते हैं या फिर क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। इस बाबत मकान मालिक ने पंचायत प्रधान को सूचित कर दिया था, जिन्होंने मौके पर आकर मकान के पास हो रहे भूस्खलन को देखा था। उन्होंने गुहार लगाई है कि इससे पहले उनके आशियाने जमींदोज हो जाएं, सरकार व स्थानीय प्रशासन उनके लिए राहत व बचाव का इंतजाम कर दे।