धर्मशाला : कांग्रेस सरकार में प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमराई : संजय शर्मा
** लोगों को नहीं कानून की परवाह और न ही पुलिस का कोई डर
भाजपा के प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि हिमाचल की वर्तमान कांग्रेस सरकार में प्रदेश के अंदर कानून-व्यवस्था चरमरा गई है और लोगों को कानून की कोई परवाह नहीं है और न ही पुलिस का कोई डर है। प्रदेश भर में ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिनसे हिमाचल की देवभूमि वाली छवि खराब हो रही है।
हजारों पुलिसकर्मी रिटायर होने के बावजूद कोई नई भर्ती नहीं की गई है नही पुलिस बल को मजबूत करने के लिए गाड़ियां या अन्य साधन उपलब्ध करवाए गए हैं, जिससे पुलिस मुस्तैदी से काम कर सके। घटिया दवा सामग्री बेचने वाले लोग जिनकी अग्रिम जमानत उच्च न्यायालय ने खारिज कर दी है उनको भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। ऐसे लोग खुले आम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं ।
बीते दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला में एक महिला के साथ हुई घटना ने हिमाचल को राजस्थान जैसे प्रदेश की श्रेणी में लाकर रख दिया है। एक महिला को सरेआम गांव के अंदर मुंह काला करके जिस तरह घुमाया जाता है और पूरे गांव के सामने उसके बाल काट दिए जाते हैं, उसको जलील किया जाता है और वहां का समाज यह सब देखता रहता है जो कि आज के सभी समाज के लिए बहुत गंभीर विषय है।
पिछले दिनों चंबा जिला में हुए हत्याकांड के ऊपर भी मुख्यमंत्री या मंत्रियों ने भी पीड़ित परिवार के साथ मिलने का कोई कष्ट नहीं किया और मामला ठंडा पड़ने के बाद विधानसभा अध्यक्ष राहत का चेक लेकर परिवार के पास गए जो चेक प्रशासन द्वारा भी दिया जा सकता था लेकिन समय रहते किसी ने मेरी वहां जाने की जरूरत नहीं समझी जबकि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को वहां जाने से सरकार ने और पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। उस मामले को भी पुलिस ने कोई और ही रंग दे दिया और उसे प्रेम प्रसंग में जोड़ दिया जबकि स्थानीय लोगों के अनुसार जो उसमें आरोपी व्यक्ति है उसका चरित्र और हरकतें संदिग्ध थी।
गत दिनों मंडी के नेर चौक के मेडिकल कॉलेज में छात्रों के साथ रैगिंग और दुर्व्यवहार का मामला भी प्रशासन द्वारा दबाने का प्रयत्न किया गया और दोषी छात्रों को मात्र निष्कासित किया गया और उनके ऊपर कोई कानूनी कार्यवाही नहीं की, जिससे सरकार और कॉलेज प्रशासन की मिलीभगत लगती है और दोषी छात्रों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
उससे पहले आईआईटी मंडी में भी ऐसा ही मामला रैगिंग का हो चुका है और दोषी छात्रों के ऊपर कोई कानूनी कार्यवाही जो कि रैगिंग एक्ट के अंदर प्रावधान है नहीं की गई। बिलासपुर में सरकारी नर्सिंग कॉलेज की छात्रा ने रैगिंग से तंग आकर फंदा लगाने की कोशिश की। बद्दी बरोटीवाला में आए दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। सरेआम लूटपाट डकैती की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन सरकार गंभीर नहीं है।
,
