धर्मशाला: टांडा मेडिकल कॉलेज में रैगिंग, सीनियर्स ने उतरवाए जूनियर्स के कपड़े
टांडा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के आठ सीनियर प्रशिक्षु डाक्टरों ने नए बैच के प्रशिक्षु डाक्टरों की रैगिंग कर डाली है। बताया जा रहा है कि सीनियरों ने जूनियर प्रशिक्षुओं को कुछ असाइनमेंट दी थीं, जिन्हें करने से इन्होंने मना कर दिया। इसके बाद सीनियर प्रशिक्षु डाक्टरों ने जूनियरों के कपड़े उतरवा दिए और उनकी रैगिंग की। मामला गत रविवार का है। घटना के बाद जूनियर सहम गए, लेकिन दो प्रशिक्षु डाक्टरों ने हिम्मत जुटाकर टांडा मेडिकल कालेज प्रशासन व प्रधानाचार्य कार्यालय में शिकायत दर्ज कर दी।
प्रशासन ने तुरंत एंटी रैगिंग कमेटी में इस मामले को रखा तथा रैगिंग करने वाले एमबीबीएस बैच 2020 व 2022 के आठ प्रशिक्षु डाक्टरों पर 50-50 हजार का जुर्माना लगाया और उन्हें तीन महीनों के लिए क्लासेज से निष्कासित करने के साथ- साथ छह महीनों के लिए होस्टल से भी निष्कासित कर दिया। 50 हजार की जुर्माना राशि को सात दिनों के भीतर जमा करने के आदेश दिए गए हैं।
अगर जूनियर प्रशिक्षु डाक्टर प्रशासन से शिकायत न करते, तो यह मामला बिगड़ भी सकता था। हैरान कर देने वाली बात है कि पूरे भारत को झकझोर देने वाले अमन काचरू प्रकरण के बाद भी टीएमसी में ऐसा रैगिंग का मामला सामने आया है।
उधर, टांडा मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य डा. भानु अवस्थी ने कहा की रैगिंग का मामला सामने आया है और दोषियों को एंटी रैगिंग कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर सजा दी गई है।
