धर्मशाला : लपियाना में रेडक्रॉस का निःशुल्क चिकित्सा शिविर 12 अप्रैल को
जिला रेडक्रॉस सोसायटी 12 अप्रैल को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लपियाना में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन करने जा रही है। अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से फारेस्ट रेस्ट हाउस लपियाना में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। कांगड़ा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित होने जा रहा यह शिविर 12 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक लगेगा।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ओपी शर्मा ने बताया कि इस शिविर में रक्तदान, चिकित्सा जांच, आयुष विभाग द्वारा चिकित्सा जांच, महिला रोग जांच, दिव्यांग शिविर, प्रदर्शनियां, दिव्यांगजनों के सहायतार्थ सहायक उपकरणों का वितरण तथा निशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कांगड़ा के सहयोग से मेडिकल दिव्यांगता जांच कैंप का आयोजन भी किया जाएगा, जिसके लिए पात्र व्यक्तियों को लोक मित्र केंद्र में यूडीआईडी की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना आवश्यक होगा।
