धर्मशाला : मच्छयाल में बेहतर पेयजल सुविधा देने को खर्च होंगे दो करोड़ 25 लाख : पठानिया

-विधायक ने मीम शरण स्थली मच्छयाल में सौंदर्यीकरण कार्य का किया शिलान्यास
विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि नरेटी पंचायत के मच्छयाल में बेहतर पेयजल सुविधा पर दो करोड़ 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे ताकि लोगों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। शुक्रवार को नरेटी के मच्छयाल में मत्स्य विभाग हि प्र. मीम शरण स्थली मच्छयाल के सौन्दर्यकरण कार्य का शिलान्यास करने के उपरांत लोगों को संबोधित करते हुए मच्छयाल के सौंदर्यीकरण पर 15 लाख की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि मच्छयाल गांव में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 40 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नरेटी क्षेत्र ऐतिहासिक क्षेत्र है तथा इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को भी मजबूत किया जा रहा है ताकि लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि रैत से झिरबल्ला की सड़क निर्माण पर सात करोड़ की राशि व्यय की जाएगी इसके साथ ही ऑडी के लिए दस लाख की लागत से सड़क निर्मित की जाएगी इसके साथ ही हरिजन बस्ती झरेड के लिए सड़क निर्मित की जाएगी जबकि महिला मंडल भवन भी निर्मित किया जाएगा। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विस क्षेत्र का समग्र विकास उनका मुख्य ध्येय है तथा विकास कार्यों में किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए भी उचित कदम उठाए जा रहे हैं तथा अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि फील्ड स्तर पर जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।