धर्मशाला : कांग्रेस के छह बागी विधायकों ने की हिमाचल के आत्मसम्मान की रक्षा : अतुल भारद्वाज
सामाजिक कार्यकर्ता अतुल भारद्वाज ने कहा कि हिमाचल की वर्तमान कांग्रेस सरकार ने जनभावनाओं का सम्मान नहीं किया, जिसके चलते आज सरकार को यह दिन देखने को मजबूर होना पड़ रहा है। कांग्रेस के तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व कांग्रेस आलाकमान ने अपने लाव लश्कर के साथ हिमाचल की जनता के मध्य केंद्रीय विश्वविद्यालय को धर्मशाला में स्थापित करने का निर्णय लिया था, लेकिन सुक्खू सरकार ने अब तक पैसा जमा नहीं करवाया और ना ही विधायक के प्रश्न का जवाब विधानसभा में दिया। ऐसे में कांगड़ा व चंबा की जनता की जनभावनाओं का निरादर किया गया। उन्होंने कहा कि धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने सोशल मीडिया पर सही कहा था कि आत्मसम्मान के साथ कभी समझौता नहीं करना चाहिए।
अतुल भारद्वाज ने कहा कि जिन छह विधायकों को बागी कहा जा रहा है, उन विधायकों ने हिमाचल के आत्मसम्मान की रक्षा की है और आत्मसम्मान को बढ़ाया है, ऐसा प्रदेश की जनता मानती है। उन्होंने कहा कि ईश्वर सब देख रहा है और यह प्रभु कृपा ही है कि बहुमत होने के बाद भी कांग्रेस के राज्यसभा का उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर पाया और भगवान ने उनका साथ नहीं दिया। इससे स्पष्ट हो गया है कि भगवान भी नहीं चाहते कि यह सरकार चले।