धर्मशाला : गारंटियां पूरा करने का प्रयास करे, कर्ज का रोना न रोए सुक्खू सरकार : अरुण मेहरा
नगरोटा बंगवा के पूर्व विधायक अरुण मेहरा ने कहा कि जिन गारंटियों पर कांग्रेस ने चुनाव लड़ा और जनता ने पूर्ण बहुमत से सरकार बनवाई है, उनकी आशाओं पर खरा उतरने के लिए सुक्खू सरकार गारंटियों को पूरा करने के लिए प्रयास करे न कि कर्ज का रोना रोए। धर्मशाला में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाए कि टांडा में आउटसोर्स पर कोविड-19 के दौरान रखे गए 300 कर्मियों की नौकरी छीन ली गई। अब सूचना आ रही है कि उन्हें दोबारा तीन महीने के लिए रख लिया गया है। तीन माह बढ़ाने से समस्या हल नहीं होगी।
कांग्रेस सरकार को अभी बने 100 दिन का समय हुआ है, लेकिन सरकार आम जनता के विरुद्ध निर्णय ले रही है। आउटसोर्स कर्मियों को नौकरी से बाहर किया जा रहा है। कई कार्यालय को डिनोटिफाई कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिजली के दाम बढ़ा दिए हैं। डिपुओं में मिलने वाले तेल की कीमतें बढ़ा दी। राशन में कटौती की गई। सभी विभागों को रेवेन्यू के लिए टारगेट दिए हैं, क्योंकि यह 10 गारंटियां उनके गले की फांस बन गई है। उन्होंने नगरोटा बगवां के विधायक पर भी झूठ बोलने का आरोप लगाया है। विधायक कह रहे हैं कि उन्होंने बच्चों को सीएम से मिलवाया है, लेकिन जिस समय पर मिलवाने की बात कर रहे हैं, उस समय तो सीएम सूरत में थे।
