धर्मशाला : केंद्रीय वन मंत्रालय ने दिए थे हिमानी चामुंडा मंदिर मार्ग पर सोलर लाइट्स हटाने के आदेश : पुनीत मल्ली
-कहा, भाजपा नेता जनता के हितैषी हैं तो मंत्रालय से आदेश वापस लेकर दिखाएं
प्रदेश कांग्रेस सचिव व मीडिया समन्वयक पुनीत मल्ली ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि केंद्रीय वन मंत्रालय ने हिमानी चामुंडा मंदिर मार्ग पर सोलर लाइट्स हटाने के आदेश राज्य वन विभाग को दिए थे। यदि भाजपा नेता जनता के हितैषी हैं तो केंद्र में अपनी सरकार के मंत्रालय से उक्त आदेश वापस लेकर दिखाएं। उन्होंने कहा कि माता के भक्त इलाके के कुछ युवा मंदिर मार्ग में सोलर लाइट्स लगाने के लिए मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (आईटी व इनोवेशन) गोकुल बुटेल से पालमपुर में मिले थे। इसके बाद दिसंबर 2023 में विकास में जनसहयोग योजना के तहत कांग्रेस सरकार ने ही 100 सोलर लाइट्स लगाने के लिए जदरांगल व कंड करडियाना पंचायतों को 85 फीसदी धनराशि मुहैया करवाई थी।
ऐसे में कांग्रेस सरकार को कोसने से पहले भाजपा नेता पूरे तथ्यों पर बात करें न कि इस जनभावना से जुड़े मुद्दे पर सियासी रोटियां सेंकने का शर्मनाक प्रयास करें। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह मामला मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के समक्ष उठाने के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर मार्ग पर सोलर लाइट्स दोबारा लगाने के आदेश वन विभाग को दिए हैं। सरकार जरूरत पड़ने पर वन विभाग के माध्यम से फॉरेस्ट कंजरवेशन एक्ट (एफसीए) की मंजूरी लेने के लिए प्रक्रिया शुरू करने पर विचार कर रही है। ऐसे में भाजपा द्वारा किए गए प्रदर्शन का कोई मतलब ही नहीं है। मल्ली ने भाजपा नेताओं को चुनौती दी कि केंद्र में अपनी सरकार से इस मसले पर जारी आदेश तुरन्त वापस लेने को कहें न कि सियासत करें।
