धर्मशाला : टांडा मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध करवाई जाएंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं : बाली
टांडा मेडिकल कॉलेज में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए सरकार ठोस कदम उठाएगी। टांडा मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु मेडिकल छात्रों द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष और नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक रघुबीर सिंह बाली ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बनी सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर को विश्व स्तरीय बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार इसके लिए योजनाबद्ध तरीक़े से कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थापित स्वास्थ्य संस्थान, जिनमें टांडा मेडिकल कॉलेज एक प्रमुख संस्थान है, इसके स्तरोन्नयन के लिए पूर्ण प्रयास सरकार करेगी।
उन्होंने कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु मेडिकल छात्रों के लिए दो इंडोर बैडमिंटन कोर्ट बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं को उपलब्ध करवाने के लिए यहां एक करोड़ रुपये की लागत से लॉन टेनिस कोर्ट का भी निर्माण किया जायेगा। आरएस बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में रोबोटिक सर्जरी और न्यूक्लियर मेडिसिन को शुरू करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज में भी जल्द ही इसकी शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा भी टांडा में व्यवस्थाओं और सुविधाओं को सुदृढ़ कर इसे क्षेत्र के उत्कृष्ट स्वास्थ संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरिंदर काकू, अतिरिक्त निदेशक टांडा मेडिकल कॉलेज डॉ. अवनिंदर कुमार, एमएस डॉ. मोहन सिंह, एसडीएम नगरोटा मनीष शर्मा, डीएसपी काँगड़ा मदन धीमान सहित मेडिकल कॉलेज के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
