धर्मशाला : कडवाड़ी स्कूल में मनाया विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस
( words)
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. सुशील शर्मा के सौजन्य से जिला स्तरीय विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस स्वास्थ्य खंड गोपालपुर की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कडवाड़ी में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर वंदना ने बताया की आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में अक्सर लोग तनाव का शिकार हो जाते हैं और जब यह तनाव लंबे समय तक बना रहता है तो हमारा मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है।
उन्होंने बताया कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अति आवश्यक है क्योंकि लंबे समय तक बने रहना वाला तनाव हम सबके लिए घातक है। इसलिए अपनी दिनचर्या नियमित रखें, रोज व्यायाम करें क्योंकि व्यायाम करने से तन और मन को स्फूर्ति मिलती है और हम तनावमुक्त महसूस करते हैं। संतुलित आहार लें और सबसे बड़ी बात अपने आप को नशीली पदार्थों के सेवन से दूर रखें। इस मौके पररंगोली प्रतियोगिता तथा बच्चों के द्वारा लघु नाटिका के द्वारा मानसिक स्वास्थ्य के ऊपर संदेश दिए गए।
वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कडवाड़ी के प्रधानाचार्य ने सभी बच्चों से आग्रह किया कि अगर उनके आसपास कोई बच्चा मानसिक रोग से ग्रस्त दिखाई देता है या उन्हें अपने दोस्तों में किसी के व्यवहार में अचानक से बदलाव दिखाई पड़े तो तुरंत अपने स्कूल के अध्यापकों अथवा अभिभावकों से संपर्क करें ताकि समय पर इलाज संभव हो सके इसके साथ-साथ प्राप्त जानकारी को अपने पास ना रखते हुए सभी के साथ सांझा करने के लिए कहा, ताकि बाकी लोग भी लाभान्वित हो सकें।
