'बूथ गढ़ो आगे बढ़ो' की युक्ति पर केंद्रित होकर काम करें त्रिदेव: धूमल
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने मंगलवार को हमीरपुर मंडल के बगारटी में पार्टी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविर कि अध्यक्षता की। पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को मिशन रिपीट 2022 की सफलता के लिए जीत का नया मंत्र देते हुए कहा की " बूथ गढ़ो आगे बढ़ो"। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर जब कार्यकर्ता और पार्टी द्वारा नियुक्त त्रिदेव जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी द्वारा बताए गए सभी कार्यकलापों को और गतिविधियों को अच्छी तरह चलाएंगे तो 2022 क्या आने वाला कोई भी मिशन हमें सफल होने से नहीं रोक सकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। इसका श्रेय केवल और केवल पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं को जाता है। पार्टी के वर्तमान स्वरूप तक पहुंचने के लिए कई वर्षों का समय लगा है।। कई महानुभावों ने अपना जीवन इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पार्टी को समर्पित किया है। पूर्व में पार्टी के नेताओं द्वारा एक ऐसी दूरदर्शी सोच को ध्यान में रखते हुए एक योजना बनाई कि मतदान केंद्र से ही पार्टी को मजबूत किया जाएगा।
अपना बूथ सबसे मजबूत विषय के महत्व को समझाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह बड़ी-बड़ी सफलताओं के पीछे छोटे-छोटे प्रयास जुड़े होते हैं। उसी तरह मिशन रिपीट जैसे बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अपने-अपने बूथ पर ध्यान केंद्रित कर उसमें अपने प्रयत्नों की ऊर्जा लगाकर हमें अपने मतदान केंद्र को मजबूत करना है।
