सुजानपुर : दर्जनभर परिवारों ने छाेड़ा कांग्रेस का हाथ, थामा भाजपा का दामन

अनूप/मीनाक्षी। हमीरपुर/सुजानपुर
जो भी परिवार भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं, उनका विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा में स्वागत है। मेहनत ईमानदारी के साथ आने वाले विधानसभा चुनावों में काम करें। भाजपा परिवार में आपको पूरा मान सम्मान मिलेगा। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शनिवार देर शाम समीरपुर में पंचायत पनोह के भाजपा में शामिल हुए परिवारों के सदस्य से कही। ग्राम पंचायत के दर्जनभर परिवारों के लोगों ने कांग्रेस पार्टी को अलविदा कहते हुए भाजपा का दामन थाम लिया। सुजानपुर भाजपा एससी मोर्चा अध्यक्ष जोगिंदर सिंह, भाजपा नेता रवि कुमार की अगुवाई में यह लोग भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।
इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम राणा विशेष रूप से उपस्थित हुए भाजपा में शामिल हुए।परिवारों में वार्ड सदस्य सुरेश कुमार, राज कुमार, प्रवीण कुमार, रूपलाल, अजीत सिंह, कमला देवी, कृष्णा देवी, सीमा कुमारी, बबली देवी, सुमन, मीना व सुदर्शना आदि हैं। भाजपा में शामिल तमाम परिवारों के सदस्यों ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी एवं इस पार्टी के उम्मीदवार को अब तक अपना समर्थन देते हैं, लेकिन हर बार उनके हितों की अनदेखी हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री जिस तरह से विधानसभा क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उनके प्रयास से इस पंचायत में उनकी अब तक की सबसे पुरानी समस्या पेयजल आपूर्ति की पूरी हुई है।
इसके लिए हम उन का तहे दिल से धन्यवाद करते हैं। उनके आशीर्वाद से गांव में 50 हजार लीटर पानी का टैंक बना है। आने वाले विधानसभा चुनावों में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को जीत दिलाई जाएगी। उन्होंने आह्वान किया कि वह आने वाले विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरे हम आपके साथ हैं। शामिल हुए तमाम परिवारों के सदस्यों का पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा परिवार में शामिल होने पर स्वागत एवं अभिनंदन किया।