सुजानपुर : अब टौणी देवी में ही सेवाएं देंगे डॉ. राणा

विस क्षेत्र के तहत टौणी देवी सिविल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर अभिषेक राणा के सरकाघाट डेपुटेशन पर भेजने के आदेश रद्द हो गए हैं। लोगों के भारी विरोध के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आदेश रद्द किए हैं। फिलहाल डॉक्टर अभिषेक टौणी देवी सिविल अस्पताल में ही सेवाएं जारी रखेंगे। डॉक्टर अभिषेक राणा को उन परिस्थितियों में सरकाघाट डेपुटेशन पर भेजने के आदेश हुए थे जब टौणी देवी सिविल अस्पताल के आठ में से तीन डॉक्टर पहले ही डेपुटेशन पर बाहर भेजे जा चुके हैं। ऐसे में स्थानीय पंचायतों, व्यापार मंडल, सामाजिक संगठन भड़क गए थे। डॉक्टर अभिषेक राणा की उनके व्यवहार व कार्य करने की लग्न को लेकर ग्रामीणों में खासी पहचान है।
डॉक्टरों की कमी से पहले से जूझ रहे टौणी देवी सिविल अस्पताल से अचानक उन्हें भी सरकाघाट डेपुटेशन पर भेजने से लोगों में खासी नाराजगी देखी गई। इस बारे में लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से मिलकर आदेश रद्द करवाने की गुहार लगवाई। पूर्व सीएम धूमल ने लोगों की भावनाओं को समझते हुए इस संवेदनशील मुद्दे को सरकार तथा स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाया। इस बारे प्रिंसिपल सेक्रेटरीह हेल्थ सुभाष पांडा ने बताया कि डॉक्टर कुंवर अभिषेक राणा के टौणी देवी सिविल अस्पताल से सरकाघाट अस्पताल में डेपुटेशन पर भेजने के आदेश तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिए गए हैं।