फतेहपुर : खतरे के निशान से सिर्फ 13 फीट नीचे पौंग बांध का पानी
पौंग झील में पानी के बढ़ते हुए जलस्तर ने मैदानी इलाकों के लोगों की चिंता एक बार फिर बढ़ा दी है। रविवार को पौंग बांध में 59315 क्यूसिक पानी की आवक दर्ज की गई।
टरबाइन और स्पिलवे के माध्यम से रविवार शाम छह बजे तक 39602 क्यूसिक पानी छोड़ा गया है। वहीं, पानी का लेबल अब बढ़कर 1376.43 फीट पहुंच गया है। बांध में पानी अब खतरे के निशान से करीब 13 फीट नीचे ही रह गया है।
उधर, एसडीएम विशु्रत भारती ने बताया कि क्षेत्र में विभाग की ओर से अलग-अलग स्थानों में रेस्क्यू टीमों को तैनात किया गया है। किसी आपदा को लेकर प्रशासन की टीम पूरी तरह से तैयार है। उन्होने लोगों से अपील की है कि इस दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और डर पैदा करने वाली ऐसी किसी बात को बिना उसकी सत्यता जाने आगे साझा न करें। किसी भी आपदा स्थिति में लोग स्थानीय पंचायत प्रधान, सचिव, पटवारी को तुरंत सूचित कर सकते हैं।
