अद्भुत है महिमा मां ब्रजेश्वरी धाम की
कहा जाता है कांगड़ा का ब्रजेश्वरी शक्तिपीठ मां का एक ऐसा धाम है जहां पहुंच कर भक्तों का हर दुख उनकी तकलीफ मां की एक झलक भर देखने से दूर हो जाती है। यह 52 शक्तिपीठों में से मां का वो शक्तिपीठ है जहां सती का दाहिना वक्ष गिरा था और वहां तीन धर्मों के प्रतीक के रूप में मां की तीन पिंडियों की पूजा होती है। पहाड़ों को नहलाती सूर्य देव की पवित्र किरणें और भोर के आगमन पर सोने सी दमकती कांगड़ा की विशाल पर्वत श्रृंखला को देख ऐसा लगता है कि मानो किसी निपुण जौहरी ने घाटी पर सोने की चादर ही मढ़ दी हो। ऐसा मनोरम दृश्य कि एक पल को प्रकृति भी अपने इस रूप पर इतरा उठे। ब्रजेश्वरी देवी के धाम के बारे में एक पौराणिक कथा परसगलित है। कहते हैं कि भगवान शिव के ससुर राजा दक्ष ने अपनी राजधानी में यज्ञ का आयोजन किया था जिसमे उन्होंने भगवान शिव और माता सती को आमंत्रित नहीं किया। यह बात सती को काफी बुरी लगी और वह बिना बुलाए यज्ञ में पहुंच गयी। जब यज्ञ स्थल पर माता सती पहुंची तो वहां उनके पिता द्वारा शिव का काफी अपमान किया गया जिसे सती सहन न कर सकी और हवन कुण्ड में कूद गई। जब यह बात भगवान शंकर को पता चली तो यज्ञ स्थल पर पहुंचकर उन्होंने सती के शरीर को हवन कुण्ड से निकाल कर तांडव करना शुरू कर दिया। क्रोध की अग्नि में जल रहे शिव माता सती की देश पूरी सृष्टि में घूमने लगे। भगवान शिव के क्रोध के कारण पूरे ब्रह्माण्ड में हाहाकार मच गया। पूरे ब्रह्मांड को इस संकट से बचाने के लिए भगवान विष्णु ने सती के शरीर को अपने सुदर्शन चक्र से 51 भागों में बांट दिया जो अंग जहां पर गिरा वह शक्ति पीठ बन गया। माता सती के शरीर के यह टुकड़े धरती पर जहां-जहां गिरे वह स्थान शक्तिपीठ स्थापित हो गए। मान्यता है कि यहां माता सती का दाहिना वक्ष गिरा था इसलिए ब्रजेश्वरी शक्तिपीठ में मां के वृक्ष की पूजा होती है। कहा जाता है पहले यह मंदिर बहुत समृद्ध था। इस मंदिर को बहुत बार विदेशी लुटेरों द्वारा लूटा गया। महमूद गजनवी ने 1009 ई. में इस शहर को लूटा और मंदिर को नष्ट कर दिया था। फिर यह मंदिर वर्ष 1905 में जोरदार भूकंप से पूरी तरह नष्ट हो गया था। 1920 में इसे दोबारा बनवाया गया। माना जाता है कि महाभारत काल में पांडवों ने इस मंदिर का निर्माण पांडवों ने करवाया था। पौराणिक कथाओं के अनुसार कहा जाता है कि माँ ब्रजेश्वरी ने पांडवों को सपने में दर्शन दिए थे। उन्होंने पांडवों को बताया कि वाहन कांगड़ा जिला में विराजमान है। फिर पाडंवों ने काँगड़ा जाकर माता के मंदिर का निर्माण किया था।
तीन धर्मों के प्रतीक है ब्रजेश्वरी देवी मंदिर के तीन गुंबद
माता ब्रजेश्वरी का यह शक्तिपीठ अपने आप में अनूठा और विशेष है क्योंकि यहां मात्र हिन्दू भक्त ही शीश नहीं झुकाते बल्कि मुस्लिम और सिख धर्म के भी इस धाम में आकर अपनी आस्था के फूल चढ़ाते हैं। ब्रजेश्वरी देवी मंदिर के तीन गुंबद तीन धर्मों के प्रतीक माने जाते हैं। पहला हिन्दू धर्म का प्रतीक है जिसकी आकृति मंदिर जैसी है तो दूसरा मुस्लिम समाज का और तीसरा गुंबद सिख संप्रदाय का प्रतीक है। तीन गुंबद वाले और तीन संप्रदायों की आस्था का केंद्र कहे जाने वाले माता के इस धाम में मां की पिण्डियां भी तीन ही हैं। मंदिर के गर्भगृह में प्रतिष्ठित यह पहली और मुख्य पिंडी मां ब्रजेश्वरी की है। दूसरी मां भद्रकाली और तीसरी और सबसे छोटी पिण्डी मां एकादशी की है। मां के इस शक्तिपीठ में ही उनके परम भक्त ध्यानु ने अपना शीश अर्पित किया था। इसलिए मां के वो भक्त जो ध्यानु के अनुयायी भी हैं, वो पीले रंग के वस्त्र धारण कर मंदिर में आते हैं और मां का दर्शन पूजन कर स्वयं को धन्य करते हैं। कहते हैं जो भी भक्त मन में सच्ची श्रद्धा लेकर मां के इस दरबार में पहुंचता है उसकी कोई भी मनोकामना अधूरी नहीं रहती। फिर चाहे मनचाहे जीवनसाथी की कामना हो या फिर संतान प्राप्ति की लालसा। मां अपने हर भक्त की मुराद पूरी करती हैं।
मां के दरबार में पांच बार होती है आरती
मां ब्रजेश्वरी देवी की इस शक्तिपीठ में प्रतिदिन मां की पांच बार आरती होती है। सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही सबसे पहले मां की शैय्या को उठाया जाता है। उसके बाद रात्रि के श्रृंगार में ही मां की मंगला आरती की जाती है। मंगला आरती के बाद मां का रात्रि श्रृंगार उतार कर उनकी तीनों पिण्डियों का जल, दूध, दही, घी, और शहद के पंचामृत से अभिषेक किया जाता है। इसके बाद पीले चंदन से मां का श्रृंगार कर उन्हें नए वस्त्र और सोने के आभूषण पहनाएं जाते हैं। फिर चना पूरी, फल और मेवे का भोग लगाकर आरती संपन्न होती है। मां की प्रात: की, आरती दोपहर की आरती और भोग चढ़ाने की रस्म को गुप्त रखा जाता है। दोपहर की आरती के लिए मंदिर के कपाट बंद रहते हैं, तब श्रद्धालु मंदिर परिसर में ही बने एक विशेष स्थान पर अपने बच्चों का मुंडन करवाते हैं। मान्यता है कि यहां बच्चों का मुंडन करवाने से मां बच्चों के जीवन की समस्त आपदाओं को हर लेती हैं। दोपहर बाद मंदिर के कपाट दोबारा भक्तों के लिए खोल दिए जाते हैं और भक्त मां का आशीर्वाद लेने पहुंच जाते हैं। कहाँ जाता है कि एकादशी के दिन चावल का प्रयोग नहीं किया जाता है, लेकिन इस शक्तिपीठ में मां एकादशी स्वयं मौजूद है इसलिए यहां भोग में चावल ही चढ़ाया जाता है। सूर्यास्त के बाद इन पिण्डियों को स्नान कराकर पंचामृत से इनका दोबारा अभिषेक किया जाता है। लाल चंदन, फूल व नए वस्त्र पहनाकर मां का श्रृंगार किया जाता है और इसके साथ ही सायंकाल आरती संपन्न होती है। शाम की आरती का भोग भक्तों में प्रसाद रूप में बांटा जाता है। रात को मां की शयन आरती की जाती है, जब मंदिर के पुजारी मां की शैय्या तैयार कर मां की पूजा अर्चना करते हैं।
भक्तों पर आने वाले संकट से पहले रो देते हैं बाबा भैरव
वैसे तो सभी भगवान अपनी भक्तों की रक्षा करते है, लेकिन मां ब्रजेश्वरी देवी के मंदिर परिसर स्थित भगवान भैरव बेहद खास है। कहते हैं कि जब भी कांगड़ा पर कोई मुसीबत आने वाली होती है तो यहां विराजे भगवान भैरव की मूर्ति की आंखों से आंसू और शरीर से पसीना आना शुरू हो जाता है। तब मंदिर के पुजारी विशाल हवन का आयोजन कर मां से आने वाली आपदा को टालने का निवेदन करते हैं। मान्यता है कि ब्रजेश्वरी शक्तिपीठ के चमत्कार और महिमा से यहाँ आने वाली हर आपदा टल जाती है। ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में स्थापित भैरव बाबा की प्रतिमा के बारे में कहा जाता है कि यह प्रतिमा 5 हजार साल से भी ज्यादा पुरानी है। कहा जाता है कि साल 1976-77 में इस मूर्ति में आंसू व शरीर से पसीना निकला था। उस समय कांगड़ा बाजार में भीषण अग्निकांड हुआ था। काफी दुकानें जल गई थी। उसके बाद से यहां ऐसी विपत्ति टालने के लिए हर साल नवंबर व दिसंबर के मध्य में भैरव जयंती मनाई जाती है। उस दौरान यहां पाठ व हवन होता है। यह मूर्ति मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही बाईं तरफ है। इस मंदिर में महिलाओं का जाना पूर्ण रूप से वर्जित हैं।
मां ने किया था मक्खन का लेप
शक्तिपीठ ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में सात दिवसीय घृतमंडल पर्व हर साल 14 जनवरी को मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर शुरू होता है। ये प्रक्रिया पूरे सात दिन चलती है। सात दिवसीय घृतमंडल पर्व में करीब 2 क्विंटल मक्खन से मां की पिंडी का श्रृंगार किया जाता है। इस धार्मिक आयोजन को देखने के लिए देशभर से श्रद्धालु कांगड़ा पहुंचते हैं। मान्यता और दावा है कि इस मक्खन रूपी प्रसाद से चर्म रोगों और कैंसर जैसी बीमारी से निदान मिलता है। घृतमंडल पर्व के संबंध में कहा जाता है कि जालंधर दैत्य को मारते समय मां ब्रजेश्वरी देवी के शरीर पर कई चोटें आई थी और देवताओं ने माता के शरीर पर माखन का लेप किया था। इसी परंपरा के अनुसार देसी घी को एक सौ एक बार शीतल जल से धोकर उसका मक्खन बनाकर मां की पिंडी पर चढ़ाया जाता है। साथ ही मेवों और फलों की मालाएं भी चढ़ाई जाती हैं। बाद में ये मक्खन जरूरतमंदों समेत भक्तों में भी बांटा जाता है।