पहाड़ों पर हुई बरसात से यूपी में बाढ़ जैसे हालात, सड़क और रेल यातायात हुए प्रभावित
पर्वतीय क्षेत्रों में हुई लगातार बारिश मैदानी इलाको में आफत बनकर बरसी है। इसी तरह उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में हुई बारिश का कहर यूपी पर टूटा है। शारदा, रामगंगा, कोसी, मालन और गंगा में उफान और बनबसा, कालागढ़ समेत कई बांधों से पानी छोड़ने से मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बरेली और शाहजहापुर जिलों में सैकड़ों गांव डूब गए हैं। हजारों एकड़ खेत जलमग्न हैं और सैकड़ों लोगों को सुरक्षित जगह भेजा गया है। वायुसेना, एसएसबी, एसडीआरएफ भी बचाव कार्यों में जुटी है। वायुसेना ने पीलीभीत में शारदा की बाढ़ में फंसे 26 लोगों को बुधवार सुबह हेलिकॉप्टर से सुरक्षित स्थान पहुंचाया। रामनगर बैराज से छोड़े पानी से रामपुर में कोसी, पीलाखार, धौरी और भाखड़ा नदियां उफान पर हैं। तेज बहाव से रामपुर के तीन युवक कोसी में बह गए। दो को बचा लिया गया, एक की डूबकर मौत हो गई। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रामपुर-मुरादाबाद के बीच बुधवार को आवाजाही पांच घंटे बंद रही। रामपुर-मुरादाबाद के बीच साढ़े सात घंटे ट्रेनों की आवाजाही भी बंद रखी गई। गर्रा, खन्नौत, गंगा और रामगंगा नदियों में उफान से शाहजहांपुर बाढ़ की स्थिति है। कालागढ़ बांध से पानी छोड़े जाने के बाद सतर्क किया गया है। बदायूं में नरौरा बैराज से एक लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ने के बाद गंगा ने कछला में खतरे का निशान पार कर दिया है।
