गग्गल : जोड़ नाले में जा गिरा सामान से लदा ट्रक
राष्ट्रीय राजमार्ग पठानकोट-मंडी पर गग्गल के समीप इच्छी में एक सामान से भरा हुआ ट्रक जोड़ नाले में जा गिरा। ट्रक को तो नुकसान हुआ है , पर गनीमत रही कि ड्राइवर बच गया। जानकारी देते हुए गग्गल पुलिस के यातायात प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि यह हादसा आज सुबह 6 बजे के लगभग हुआ। ट्रक ऊना से धर्मशाला की ओर जा रहा था कि जोड़ नाले में जा गिरा।
उन्होंने बताया कि इस बारे में ट्रक के मालिक को फोन पर सूचित किया गया। दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो जाने पर पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है। बता दें कि इसी स्थान पर पहले भी दर्जनों वाहन नीचे गिर चुके हैं। परंतु प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है।
जब इस बारे कांगड़ा के विधायक पवन काजल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मैं जल्द लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात करता हूं और उन्हें इस बारे में अगाह करता हूं कि यहां जल्द से जल्द दोनों सड़क के किनारे बैरीगेट लगाए जाए। ताकि भविष्य में कोई दुर्घटना न हो।
