कांगड़ा की दीक्षा साइकोलॉजी में गोल्ड मेडलिस्ट
कांगड़ा की बेटी दीक्षा शर्मा ने साइकोलॉजी में गोल्ड मेडल हासिल कर नए आयाम स्थापित किए हैं। दिल्ली में इग्नू के मुख्य दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सामाजिक विज्ञान के सभी विषयों में टॉप करने पर दीक्षा शर्मा को प्रो. जी राम रेडी गोल्ड मेडल से अलंकृत किया।एक अन्य समारोह में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी दीक्षा शर्मा को साइकोलॉजी में गोल्ड मेडल से सम्मानित किया।
कांगड़ा के शास्त्री यशपाल शर्मा के घर में जन्मी दीक्षा की नर्सरी से जमा दो तक प्रारंभिक शिक्षा जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा में हुई। इसके बाद उसने डीएवी से बीएससी व एचपीयू से एमएससी की डिग्री उत्तीर्ण कर धर्मशाला कॉलेज से बीएड की। मृदुल अवस्थी जो पावर ग्रिड कारपोरेशन में इंजीनियर पद पर शिमला में तैनात हैं, से शादी करने के बाद दीक्षा ने साइकोलॉजी में एडमिशन ली और पुराने सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त कर साइकोलॉजी में गोल्ड मेडल हासिल कर कांगड़ा और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया।
