इंदौरा की सुरजपुर पंचायत में कल पहुंचेगी सरकार
**कृषि मंत्री चंद्र कुमार करेंगे 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम की अध्यक्षता
प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों की विभिन्न समस्याओं के घर-द्वार के नजदीक त्वरित समाधान के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इंदौरा उप मंडल में इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का आयोजन 19 जनवरी को सूरजपुर पंचायत के मुमताज पैलेस में किया जाएगा। यह जानकारी एसडीएम इंदौरा सुरेेंद्र ठाकुर ने दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि व पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार करेंगे तथा लोगों की समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के प्रबंधों के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को प्रदेश सरकार की विभिन्न नीतियों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
विधायक मलेंद्र राजन ने बताया कि इस उपलक्ष्य पर लोगों के लिए फ्री मेडिकल चेकअप कैंप का भी आयोजन किया गया है, जिसमें लोगों को फ्री टेस्ट व फ्री दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। हर प्रकार के प्रमाण पत्र जैसे हिमाचली बोनाफाइड अन्य प्रमाण पत्र भी मौके पर बनाए जाएंगे। इसके अलावा सरकार के विभिन्न विभागों की स्कीमों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
