जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के हलेड़ में सजा सरकार का दरवार
** आयुष एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता
** कार्यक्रम में आईं 98 समस्याओं में से अधिकतर का मौके पर ही निपटारा
जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के हलेड़ में आज 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुष एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने की। कार्यक्रम में लोगों द्वारा 98 समस्याएं रखी गईं, जिनमें से अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।
कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि हिमाचल की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव के द्वार, हिमाचल सरकार का महत्वकांशी कार्यक्रम है, जिसमें लोगों की समस्याओं को गांव में जाकर सुना जा रहा है।
मंत्री ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना में जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के 29 असहाय बच्चों को 4 हजार प्रति माह के हिसाब से 4 महीने का वजीफा वितरित किया। वहीं, शगुन योजना के तहत 7 लाभार्थी बेटियों को 31-31 हजार रुपये के पत्र भी वितरित किये।
गोमा ने कहा कि एक वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने जयसिंहपुर हलके के विभिन्न विकास कार्यों के लिये 2 करोड़ रुपये जारी किये हैं और भविष्य में भी विकास के लिये धन की कमी आड़े नहीं आयेगी। उन्होंने कहा कि इलाके की मूलभूत जरूरतों लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हलेड मैदान को सवारने के लिये भी 20 लाख रुपये जारी किये गये हैं ताकि इस क्षेत्र के बच्चों को भी खेलने के लिये अच्छा मैदान मिले। उन्होंने कहा कि सीएचसी जयसिंहपुर में 7 चिकित्सक सेवारत हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में 15 लाख की डिजिटल एक्सरे मशीन भी उपलब्ध करवा दी गयी है।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित बनाया जाये। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।उन्होंने इस अवसर पर आयुष विभाग के माध्यम से जामुन के पौधे भी वितरित किये।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और आयुष विभाग द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन भी किया गया। इसमें एलोपैथी में लगभग 92 लोगों ने चेकअप करवाया, जबकि आयुष विभाग के कैम्प में 230 लोगों अपनी जांच करवाई। इस अवसर पर निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई।
