हमीरपुर: आखिरकार पुत्र मोह में धूमल फिर पहुंचे हमीरपुर : रोहित शर्मा
अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस जिला हमीरपुर के प्रवक्ता एवं हिमाचल प्रदेश स्टेट बार काउंसिल सदस्य रोहित शर्मा एडवोकेट ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का प्रदेश की लोकप्रिय सुक्खू सरकार का विरोध प्रदर्शन करना हिमाचली जनता के साथ छलावा है। ये धरना प्रदर्शन मात्र पुत्र मोह में खिसकती हुई सियासी जमीन को बचाने के लिए प्रयास है। प्रदेश में भाजपा मार्गदर्शकमंडल की टीम का नेतृत्व कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल जी यह स्पष्ट करें कि प्रदेश में कोरोना काल में एवं इस वर्ष प्रदेश में आई भीषण आपदा में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की लोगों के प्रति संवेदनहीनता क्यों नजर आई? अनुराग ठाकुर जी ने हमेशा प्रदेश के लोगों के लिए भी घोषणाओं का मात्र झुनझुना ही बजाया है।
पहले अनुराग अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री की कृपा से सांसद बने फिर मोदी नाम का चुनावों में सहारा मिला। लेकिन 2024 में प्रदेश की जागरूक जनता काम का हिसाब मांगेगी। केंद्रीय मंत्री अपना रिपोर्ट कार्ड जारी कर जनता को यह बताएं कि उन्होंने चाहे कोरोना काल हो या इस वर्ष प्रदेश में आई भीषण आपदा या अपने संसदीय क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए अपनी सांसद एवं निजी निधि से लोगों के लिए कितना पैसा जारी किया है या केंद्र सरकार से जारी करवाया है? इन्हीं यक्ष प्रश्नों की वजह से वर्ष 2024 के चुनाव में माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी भी अनुराग ठाकुर को चुनावी हार से नहीं बचा पाएंगे।
भाजपा नेतृत्व को चश्मा लगा कर प्रदेश में सुक्खू सरकार की 1 वर्ष की उपलब्धियां दिखेंगी। क्योंकि यह आमजन भली भांति समझते हैं कि सुक्खू सरकार ने सबसे पहले कांग्रेस संगठन ने जो 10 गारंटियों की बात की थी उनमें सबसे पहले ओपीएस बहाली की,अनाथ बच्चों के लिए सुख आश्रय योजना लेकर आए। प्रदेश में आई आपदा में सरकार द्वारा आमजन के लिए किए गए राहत कार्य हों चाहे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा अपनी संपत्ति से प्रदेश जनहित में अपनी 51 लाख की पूंजी का दान करना हो। रोहित शर्मा ने समस्त प्रदेशवासियों को प्रदेश सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर बधाई एवं आने वाले लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा के ओछे हथकंडों से बचकर रहने की सलाह दी।