हमीरपुर : नए भारत के सपने को मोदी सरकार कर रही साकार : धूमल
हमीरपुर जिला भाजपा की अति महत्वपूर्ण कार्यसमिति बैठक हमीरपुर के बसंत रिजॉर्ट में हुई, जिसमें वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। आने वाली 30 मई को मोदी सरकार के 9 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश भर में महा जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। हमीरपुर जिला में इस अभियान का स्वरूप कैसा होगा इस अभियान को चलाने की रणनीति क्या है और इस अभियान के दृष्टिगत पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी जो दायित्व निभाएंगे उसकी योजना क्या है यह सारी रूपरेखा इस बैठक में तय कर दी गई है।
बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि मोदी सरकार आधारभूत संरचना को मजबूत करते हुए नए भारत के सपने को साकार कर रही है। यह हम सब के लिए हर्ष का विषय है कि 30 मई को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार अपने 9 वर्ष पूर्ण करने जा रही है। पार्टी ने 30 मई से 30 जून तक प्रदेश के सभी जिलों मंडल ग्राम केंद्र एवं बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजन करने के साथ-साथ महा जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीब शोषित वंचितों के कल्याण हेतु समर्पित है। जहां देश का गौरव विश्व पटल पर लगातार बढ़ रहा है, वहीं सांस्कृतिक विरासत को प्राथमिकता के आधार पर प्रतिस्थापित होते हुए हम सब देख रहे हैं।