हमीरपुर : डिनोटिफाइड कार्यालयों को खुलवाने के लिए सड़कों पर उतरी सुजानपुर भाजपा
-प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ निकाली रोष रैली
-एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को भेजा मांग पत्र
भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान सुजानपुर में दो मंडल कार्यालय खोले गए थे, जिन्हें कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद बंद कर दिया था। इन डिनोटिफाई किए कार्यालयों को पुन: खुलवाने के लिए सुजानपुर भाजपा आज सड़कों पर उतर आई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ एक रोष रैली भी निकाली। वहीं, रैली के बाद एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को एक मांग पत्र भेजा गया। भाजपा ने चेतावनी देते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार दोनों कार्यालयों को एक महीने के भीतर खोले अन्यथा सुजानपुर भाजपा आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर उग्र प्रदर्शन करेगी।
भारतीय जनता पार्टी मंडल सुजानपुर के तमाम मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने पार्टी कार्यालय नजदीक पंजाब नेशनल बैंक से होते हुए एक रोश रैली निकाली जो सुजानपुर बस स्टैंड से होते हुए सचिवालय परिसर तक पहुंची। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दोनों डिवीजन कार्यालय खोलने की मांग की। महिलाओं ने हाथों में सरकार की 10 गारंटी को पूरा करने की मांग के होर्डिंग उठाकर रोश प्रदर्शन किया। सुजानपुर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से 1500 रुपएये प्रति महीना जो देने की बात की गई थी, उसकी मांग की गई।
सुजानपुर भाजपा के मंडल अध्यक्ष प्रो. विक्रम राणा और सुजानपुर से भाजपा के प्रत्याशी रहे कैप्टन रंजीत राणा ने प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि स्थानीय विधायक शहर में विकास करवाने में पूरी तरह से असफल साबित हुए हैं। नया कुछ करवाते नहीं और जो कुछ पुराना भारतीय जनता पार्टी की सरकार में हुआ है, उसे बंद करवाने में उनका पूरा योगदान है। उन्होंने कहा कि विधायक केवल अपने नाम के फट्टेलगाने में मशहूर है लेकिन जो डिवीजन कार्यालय उनकी सरकार ने बंद किए हैं उन्हें खुलवाने के लिए उन्होंने ना तो विधानसभा में इन्हें खुलवाने के लिए हक की लड़ाई लड़ी और ना ही इस बात को वहां पर सरकार के सामने रखा उन्हीने कहा कि प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लोगों का सुख छीनने वाले मुख्यमंत्री हैं व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर उन्होंने लोगों के जीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है।
इस मौके पर महामंत्री जगन कटोच, मीडिया प्रभारी सुधीर भटनागर, महिला मोर्चा अध्यक्ष सरोज बाला, युवा मोर्चा अध्यक्ष शुभम राणा नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, उपाध्यक्ष पवन कुमार, पार्षद सविता महाजन, नीता सड़ियाल, शकुंतला देवी, शहरी इकाई महासचिव प्रकाश सड़ियाल, रमन धीमान, मंडल कार्यकारिणी सदस्य राजेश गुप्ता, पूर्व पार्षद सरवन कुमार, मंडल कोषाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्यार चंद, मुकेश गुप्ता सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।