हमीरपुर : भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के भारत मां के लिए संजोए सपनों को हम पूरा होता देख रहे : धूमल
( words)
देश के सबसे महान नेता भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए बहुत से सपने संजोए थे जिनको हम अपने जीवन में पूरा होते हुए देख रहे हैं यह हमारे लिए गर्व का विषय है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की पुण्यतिथि पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफ़ेसर प्रेम कुमार धूमल ने उनको श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए यह शब्द व्यक्त किए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धा अटल जी कहते थे 21वीं सदी भारतवर्ष की होगी और आज हम सब इस बात के साक्षी हैं कि पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है।
प्रो धूमल ने स्मरण कराया कि 1998 में जब अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृतव में भाजपा सरकार बनी थी, तब उन्होंने सपना देखा था की देश का हर गाँव पक्की सड़क से जुड़े। इस सपने को साकार करने के लिए प्रधानमन्त्री ग्राम सड़क योजना का शुभारंभ हुआ था। प्रदेश में तत्कालीन भाजपा सरकार के समय इस योजना के तहत डीपीआरें बनी थीं और प्रदेश में सडकों का जाल बिछा था, जो अभूतपूर्व था, आजादी के बाद प्रदेश के विकास की नींव में वह मील पत्थर साबित हुआ था। पूर्व सीएम ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा कि 19 मार्च 1998 को श्रद्धेय अटल जी देश के प्रधानमंत्री बने और 24 मार्च को उसी सप्ताह मैं भी प्रदेश का मुख्यमंत्री बना। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अटल द्वारा देखा गया हर एक सपना धीरे-धीरे करके एक-एक करके पूरा हो रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी भारत माता को विश्व गुरु बनने की राह पर अग्रसर करते हुए अथक मेहनत कर रहे हैं पूरा देश उनके साथ खड़ा है। जब हमारा देश परम वैभव की पराकाष्ठा तक पहुंच जाएगा विश्व गुरु बन जाएगा तो यही सारे देश की श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष देशराज शर्मा ने भी अटल जी की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।