हिमाचल में आज भी बारिश के आसार, 3 दिन बाद फिर बदलेगा मौसम
हिमाचल में पिछले एक सप्ताह से जारी बारिश, ओलावृष्टि और तूफान के बीच अब लोगों को राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार आज कुछ ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन कल से अगले तीन दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने और धूप खिलने का पूर्वानुमान है।
मई महीने के पहले छह दिनों में प्रदेश में सामान्य से 28 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। लगातार खराब मौसम के कारण राज्य के ज्यादातर शहरों का तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चल रहा है।
सबसे ज्यादा गिरावट चम्बा में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 9.4 डिग्री कम होकर 27.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं नाहन में तापमान 28 डिग्री, मनाली में 17.8 डिग्री, शिमला में 21.1 डिग्री और Una में 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जनजातीय जिलों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। लाहौल एंड स्पीति और किन्नौर के कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। ताबो का तापमान 0.8 डिग्री, कुकुमसेरी 4.8 डिग्री और कल्पा में 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि 11 मई से प्रदेश में एक बार फिर बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है।
