हिमाचल में खिली धूप, 16-17 अप्रैल को बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान
हिमाचल प्रदेश में मौसम बदले तेवरों के बीच अप्रैल के महीने में भी मौसम सर्द बना हुआ है। राज्य के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी से तापमान फिर माइनस में पहुंच गया है, जबकि राज्य के कई हिस्सों में बीती रात वर्षा और कुछ स्थानों पर अंधड़ व बिजली गिरने की घटनाएं भी दर्ज की गई हैं। मौसम विभाग ने राज्य में 13 से 15 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। 16 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से खासकर पर्वतीय इलाकों में वर्षा और बर्फबारी फिर शुरू हो सकती है। मौसम विभाग ने 17 और 18 अप्रैल को प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और बिजली गिरने की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
राज्य के कई हिस्सों में 48 घंटो के दौरान स्थानों पर वर्षा हुई। सराहन में 25.3 मिलीमीटर, मनाली में 11 मिलीमीटर, कांगड़ा में 10 मिलीमीटर, पालमपुर में 5.2 मिलीमीटर, धर्मशाला में 4.1 मिलीमीटर, कुकुमसेरी में 2.6 मिलीमीटर और चंबा में 1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कांगड़ा और चंबा के जोत क्षेत्र में अंधड़ और बिजली कडक़ने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे कुछ समय के लिए मौसम खराब बना रहा।
वहीं चंबा में सुल्तानपुर हेलिपैड के पास भूस्खलन होने से नेशनल हाईवे का बड़ा हिस्सा रावी नदी में समा गया। इसके अलावा पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे बत्ती दी हट्टी के पास भारी भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। शुक्रवार देर रात यहां पहाड़ी से मलबा गिरा। राहत की बात यह है कि चार दिन बाद जलोड़ी दर्रा से बसों की आवाजाही फिर शुरू हो गई है।मौसम विभाग के अनुसार रविवार से 16 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अच्छी धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि 16 और 17 अप्रैल को ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
सप्ताह के बाकी दिनों में राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले 4 से 5 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। लाहौल के कोकसर में पर्यटकों ने बर्फ के बीच खूब आनंद लिया, जिससे पर्यटन कारोबारियों में भी उत्साह है। वहीं कुल्लू जिले में हालिया बर्फबारी अब बागवानी के लिए नुकसानदायक साबित हो रही है।
