हिमाचल गौरव पुरस्कार की घोषणा, हिमाचल दिवस कार्यक्रम में मिलेगा सम्मान
अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान, चमियाना के प्राचार्य डॉ. बृज शर्मा सहित चार विशिष्ट हस्तियों को हिमाचल गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 15 अप्रैल को किन्नौर जिले के रिकांगपिओ में आयोजित राज्यस्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर पद्मश्री से सम्मानित डॉ. प्रेम लाल गौतम, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. ओ.पी. शर्मा तथा बिलासपुर के मोरसिंघी की हैंडबॉल कोच स्नेहलता को भी सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. बृज शर्मा मूल रूप से बिलासपुर जिले के घुमारवीं क्षेत्र से संबंध रखते हैं। उनके प्रयासों से ही चमियाना संस्थान में प्रदेश की पहली रोबोटिक सर्जरी सेवा शुरू हो सकी। उन्होंने एम्स दिल्ली में डीएम कोर्स के दौरान उत्कृष्ट रोगी सेवा के लिए वर्ष 2009 में प्रधानमंत्री द्वारा ‘बेस्ट डीएम रेजिडेंट’ सम्मान प्राप्त किया था। स्पीति घाटी में हेपेटाइटिस बी और सी की स्क्रीनिंग के दौरान उनके अध्ययन से इस क्षेत्र में हेपेटाइटिस की व्यापकता का महत्वपूर्ण खुलासा हुआ।
प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रेम लाल गौतम को कृषि अनुसंधान, जैव विविधता संरक्षण और उन्नत फसल किस्मों (जैसे गेहूं, सोयाबीन और बाजरा) के विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2026 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। हमीरपुर के रंगस निवासी वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. ओ.पी. शर्मा को भी हिमाचल गौरव पुरस्कार के लिए चुना गया है। उन्होंने 12 पुस्तकें लिखी हैं, जिनमें ‘देव भूमि हिमाचल’ विशेष रूप से लोकप्रिय रही है। वे मानव संसाधन विकास मंत्रालय से सेवानिवृत्त हैं।
बिलासपुर के मोरसिंघी की हैंडबॉल कोच स्नेहलता भी इस सम्मान की प्राप्तकर्ता होंगी। उन्होंने एक पथरीले क्षेत्र को हैंडबॉल मैदान में बदलकर 250 से अधिक बच्चों को नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया है, जिनमें से 80 से अधिक खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त, सिविल सर्विस अवार्ड श्रेणी में जिला प्रशासन मंडी (उपायुक्त अपूर्व देवगन), डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस विभाग तथा एसडीएम बल्ह (मंडी) स्मृतिका नेगी को सम्मानित किया जाएगा।
प्रेरणा स्रोत सम्मान के लिए शिमला की चारू शर्मा और किन्नौर की कुमारी छोंजिन अंगमो का चयन हुआ है। पैरा-एथलीट छोंजिन अंगमो ने 19 मई 2025 को माउंट एवरेस्ट फतह कर इतिहास रचा। वह भारत की पहली और विश्व की पांचवीं दृष्टिबाधित महिला पर्वतारोही बनीं। वर्ष 2024 में उन्हें राष्ट्रपति द्वारा सर्वश्रेष्ठ दिव्यांगजन का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है। उन्होंने मात्र 8 वर्ष की आयु में अपनी दृष्टि खो दी थी। कार्यक्रम में विश्व विजेता भारतीय महिला कबड्डी टीम की हिमाचल से संबंधित खिलाड़ियों रितु नेगी, साक्षी शर्मा, पुष्पा, भावना देवी और चंपा ठाकुर को भी सम्मानित किया जाएगा।
