देहरा: संगठन विस्तार और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर मुख्यमंत्री सुक्खू से मिले कांग्रेस एससी विभाग के पदाधिकारी
देहरा/शिमला । सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस एससी विभाग के चेयरमैन जीवन कुमार के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। बैठक के दौरान संगठन विस्तार, सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों और ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
इस बैठक में कांग्रेस एससी विभाग के सभी जिला अध्यक्ष और विभिन्न जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष मदन लाल डोगरा, मंडी से नरोतम राम, ऊना जिला अध्यक्ष बलराम, हमीरपुर से होशियार सिंह और कांगड़ा से रघुवीर सिंह भाटिया सहित कई नेता शामिल रहे।
बैठक के दौरान संगठनात्मक ढांचे को बूथ स्तर तक मजबूत करने, अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने को लेकर मंथन किया गया। इस अवसर पर जीवन कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक काफी महत्वपूर्ण रही और संगठन को मजबूत करने के लिए रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि चुनावों के बाद प्रदेश के चार प्रमुख स्थानों पर एससी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से समाज के लोगों को जोड़ने और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का प्रयास किया जाएगा।
