हिमाचल: HRTC बसों में सफर के लिए हिम बस कार्ड अनिवार्य, स्कूली बच्चों को इस दिन तक छूट
हिमाचल प्रदेश में सरकारी बसों में रियायती किराए पर सफर करने के लिए ‘हिम बस कार्ड’ बीती रात 12 बजे से पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है। हालांकि, स्कूली छात्रों को इसे बनवाने के लिए एक महीने की अतिरिक्त राहत दी गई है। पहली से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी अब 31 मई तक अपना हिम बस कार्ड बनवा सकेंगे। निगम ने यह फैसला स्कूलों के हाल ही में खुलने, परीक्षाओं के चलते व्यस्तता और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए लिया है। 31 मई के बाद बिना कार्ड के किसी भी छात्र को मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी।
वहीं, बिना हिम बस कार्ड के यात्रा करने पर महिलाओं सहित सभी श्रेणियों के यात्रियों को आज से पूरा किराया चुकाना होगा। निगम प्रबंधन ने पहले 31 मार्च तक कार्ड बनवाने की छूट दी थी, जिसे अब आगे नहीं बढ़ाया गया है। प्रदेश में अब तक लगभग 1.70 लाख हिम बस कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जबकि करीब 3 हजार कार्ड अभी लंबित हैं। निगम का कहना है कि ये सभी लंबित कार्ड अगले 3-4 दिनों में जारी कर दिए जाएंगे और नए कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी लगातार जारी है।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में सरकारी बसों में महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिलती है, लेकिन अब इस सुविधा का लाभ लेने के लिए उन्हें भी हिम बस कार्ड बनवाना अनिवार्य होगा। इसी तरह, पहले पुरुषों को ग्रीन और येलो कार्ड पर क्रमश: 30 और 20 प्रतिशत की छूट मिलती थी, लेकिन अब इनकी जगह भी हिम बस कार्ड लागू कर दिया गया है। HRTC प्रबंधन ने इस संबंध में सभी कंडक्टरों को निर्देश जारी कर दिए हैं। यह निर्णय परिवहन व्यवस्था को अधिक डिजिटल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
