हिमाचल: नन्हे शतरंज खिलाड़ी श्रेयान शर्मा ने 5 साल की उम्र में हासिल की FIDE रेटिंग
ट्राइसिटी और हिमाचल प्रदेश के लिए यह गर्व का क्षण है कि मात्र 5 वर्ष की आयु में नन्हे शतरंज खिलाड़ी श्रेयान शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) की रेटिंग हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वर्ष 2020 में जन्मे श्रेयान ने केवल 5 साल 6 महीने की उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र के सबसे कम उम्र के FIDE रेटेड खिलाड़ी बनने का गौरव प्राप्त किया है।
श्रेयान वर्तमान में डीपीएस सेक्टर-40 में प्रेप-II (UKG) के छात्र हैं। उन्होंने शतरंज खेलना मात्र 4 साल 8 महीने की उम्र में शुरू किया और बेहद कम समय में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। श्रेयान ने ऑनलाइन माध्यम से वीडियो, Chess.com और Lichess जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए शतरंज की बारीकियां सीखकर अपनी मजबूत नींव तैयार की।
इस नन्हे खिलाड़ी ने कांगड़ा, देहरादून और दिल्ली में आयोजित FIDE रेटेड टूर्नामेंट्स में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें यह अंतरराष्ट्रीय रेटिंग हासिल हुई। श्रेयान के माता-पिता, विष्रुत भारती और दीपिका जिंदल, ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि वे अपने बेटे की रुचि और मेहनत को हमेशा प्रोत्साहित करते रहे हैं।
श्रेयान की बहन भी शतरंज खेलती हैं, जिससे घर का माहौल खेल के प्रति और भी प्रेरणादायक बना हुआ है। हाल ही में श्रेयान ने चंडीगढ़ चेस अकादमी जॉइन की है, जहां वे अपने खेल को और निखारने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
