हिमाचल में 5 दिन मौसम रहेगा खराब, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम खराब बना रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 15 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है, जबकि किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आंधी-तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य जिलों में यलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है। 13 मई को भी कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
IMD के मुताबिक, कुल्लू, मंडी और शिमला में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में तूफान की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही कई जगहों पर ओलावृष्टि और आसमानी बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है।
प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों शिमला, मनाली, कुफरी, नारकंडा, सोलंग घाटी और सिस्सू में भी 12 से 15 मई के बीच मौसम खराब रहने और बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश और बादल छाए रहने से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान नदी-नालों से दूर रहने, पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली गिरने के समय खुले स्थानों में न जाने की अपील की है। वहीं किसानों और बागवानों को फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है।
