हिमाचल में फिर बिगड़ा मौसम: कई जिलों में भारी बारिश, 13 मई तक ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में दो दिन की राहत के बाद मौसम ने फिर करवट ले ली है। बीती रात राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश और तूफान देखने को मिला। कांगड़ा में तेज आंधी के कारण कई जगह पेड़ गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं शिमला, हमीरपुर, सोलन और कुल्लू में भी रातभर बारिश दर्ज की गई।
शिमला जिला के रामपुर क्षेत्र में गानवी खड्ड का जलस्तर अचानक बढ़ने से एक बोलेरो कैंपर गाड़ी पानी में फंस गई। सड़क टूटने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाकर ड्राइवर और वाहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान तेज बारिश, ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। आज के लिए चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज रात से वेस्टर्न डिस्टरबेंस और अधिक सक्रिय होगा। इसे देखते हुए 12 मई के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
13 मई को कुल्लू, शिमला और मंडी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 14 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 16 मई तक ऊंचाई वाले और मध्यम पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश जारी रह सकती है। लगातार बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री नीचे पहुंच गया है। वहीं नाहन, शिमला और सोलन में भी तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया है।
