हिमाचल: ऊंचे क्षेत्रों में आज बारिश बर्फबारी, 3-4 अप्रैल को येलो अलर्ट, जानें अपडेट
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले और मध्यम पहाड़ी क्षेत्रों में आज हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम साफ बना रहेगा। कल की बात करें तो ऊंचे इलाकों को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिलने की उम्मीद है, जिससे अगले 48 घंटों में तापमान में थोड़ा बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हालांकि, 3 अप्रैल से एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस फिर सक्रिय होने वाला है। इसके असर से अगले दो दिनों तक पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश और बर्फबारी के साथ आंधी-तूफान की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी सभी जिलों में 3 और 4 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और ओलावृष्टि भी हो सकती है। ओलावृष्टि के कारण किसानों और बागवानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। विभाग के अनुसार, 5 और 6 अप्रैल को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के चलते इस बार अप्रैल में भी गर्मी का असर कम दिखाई दे रहा है। प्रदेश के कई शहरों का अधिकतम तापमान अभी सामान्य से नीचे बना हुआ है। आज और कल तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, लेकिन 3 से 6 अप्रैल के बीच फिर से गिरावट दर्ज की जा सकती है।
