हिमाचल : प्रदेश के कई क्षेत्रों में आज येलो अलर्ट, जानिए मौसम अपडेट

हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में बुधवार और वीरवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 20 जुलाई तक मौसम खराब बना रहने की संभावना है। मंगलवार शाम तक प्रदेश में 199 सड़कें, 68 बिजली ट्रांसफार्मर और 171 जल आपूर्ति योजनाएं ठप रहीं। आपदा की मार झेल रहा जिला मंडी सबसे अधिक प्रभावित है। चंबा के 50 गांवों में बिजली सप्लाई बंद हो गई है। कुल्लू में भूस्खलन से 35 सड़कें बंद होने से आवाजाही ठप है। मंगलवार को राजधानी शिमला में दोपहर बाद हल्की बारिश हुई। कांगड़ा में बादल छाए रहे। मैदानी जिलों में उमस भरी गर्मी से लोगों के खूब पसीने छूट रहे हैं।
प्रदेश में सोमवार रात को हुई बारिश के बाद मंगलवार को मौसम भले ही खुल गया, लेकिन लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। चंबा जिले में 10 ट्रांसफार्मर बंद होने से 50 गांवों में अंधेरा पसरा है। डलहौजी परिक्षेत्र की दो सड़कें भूस्खलन के कारण यातायात के लिए बंद हैं। मंगलवार को भुंतर से हवाई सेवा बहाल रही। ऊना जिले में मंगलवार सुबह से ही बादल छाए रहे। दोपहर के समय बूंदाबांदी हुई। हमीरपुर जिले में मंगलवार को दिनभर मौसम साफ रहा।