हिमाचल: अनुराग शर्मा होंगे कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार, आज दाखिल करेंगे नामांकन
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। हिमाचल प्रदेश से अनुराग शर्मा कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार होंगे। वो आज नामांकन दाखिल करेंगे। हाईकमान ने आज सुबह 5 राज्यों में 6 उम्मीदवारों के साथ अनुराग के नाम की भी घोषणा कर दी है। वह अभी कांगड़ा जिला कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। हालांकि, बीजेपी ने अब तक अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। ऐसे में अनुराग शर्मा का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। अनुराग शर्मा आज ही विधानसभा में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस विधायकों की मौजूदगी में रिटर्निंग ऑफिसर एवं सेक्रेटरी के पास नामांकन भरेंगे। इससे पहले सीएम सुक्खू विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल की मीटिंग लेंगे।
अनुराग शर्मा मुख्यमंत्री सुक्खू के करीबी रहे हैं। वह अभी इंटरनेशनल बीर बिलिंग पैरा ग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं, जो कि इंटरनेशनल लेवल की पैरा ग्लाइडिंग चैम्पियनशिप का आयोजन करती रही है। इससे पहले चर्चा में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह इत्यादि के नाम थे। BJP की मौजूदा राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी का 6 साल का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को पूरा हो रहा है। लिहाजा इससे पहले नए सांसद का चुनाव होना है। आज नामांकन भरे जाने हैं। कल इनकी छंटनी होगी। जरूरत पड़ी तो 16 मार्च को वोटिंग होगी। फिलहाल बीजेपी ने अब तक प्रत्याशी उतारने को लेकर फैसला नहीं लिया, क्योंकि बीजेपी के पास पूर्ण बहुमत नहीं है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर कह चुके हैं कि बीजेपी छेड़खानी के मूड में नहीं है। ऐसे में कयास लग रहे कि अनुराग शर्मा का राज्यसभा जाना लगभग तय है।
