हिमाचल: अप्रैल में कड़ाके की ठंड, सफेद चादर से ढके पहाड़, जानें मौसम अपडेट
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार सुबह सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। दोपहर बाद मौसम के करवट बदलने से रोहतांग और भरमौर-पांगी की चोटियों में बर्फबारी हुई। कांगड़ा, धर्मशाला, मंडी और शिमला में बादल बरसे। अन्य जिलों में धूप खिली रही। राजधानी शिमला में गुरुवार दोपहर करीब 1:00 बजे बादल झमाझम बरसे। अन्य क्षेत्रों में हालांकि धूप खिली रही। तीन बजे के बाद शहर के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश दर्ज हुई। शाम को मौसम साफ हो गया। वहीं भरमौर-पांगी की ऊपरी चोटियों में 5.08 सेंटीमीटर तक हल्की बर्फबारी हुई है। अटल टनल रोहतांग सहित 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा में वीरवार को फिर बर्फबारी हुई। परिणामस्वरूप अटल टनल के लिए साधारण वाहनों की आवाजाही रोकी गई।
बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश के तापमान में भी गिरावट आई। वहीं राजधानी शिमला में ठंड का 23 वर्षों का रिकाॅर्ड टूट गया है। माैसम विभाग के रिकाॅर्ड के अनुसार शिमला में साल 2003 के बाद अप्रैल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 11 और 12 अप्रैल को मध्य एवं उच्च पर्वतीय आठ जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में धूप खिलने के आसार हैं। 13 अप्रैल से प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है।
भूस्खलन से भरमौर-पठानकोट हाईवे बंद हो गया है। अटल टनल रोहतांग के लिए साधारण वाहनों की आवाजाही भी बंद है। सिर्फ फोर वाई फोर वाहन ही भेजे जा रहे हैं। कांगड़ा जिले में ओलावृष्टि से गेहूं की फसल और सब्जियों को भारी नुकसान हुआ है। असमय बारिश और बर्फबारी से सेब, गेहूं, आम लीची समेत अन्य फसलों को नुकसान हो रहा है। विशेषकर सेब की फसल पर असर पड़ा है। इन दिनों फ्लावरिंग और सेटिंग का महत्वपूर्ण चरण चल रहा है, जिसमें 22 से 25 डिग्री सेल्सियस तापमान अनुकूल माना जाता है, लेकिन बर्फबारी और लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई है।
