हिमाचल में 3 दिन साफ रहेगा मौसम, 17 से बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में 16 अप्रैल तक मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि 17 अप्रैल से फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आने का अनुमान है। 19 अप्रैल तक प्रदेशभर में मौसम खराब बना रह सकता है। 17 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सोमवार को राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहे, जबकि अन्य जिलों में मौसम साफ और धूप खिली रही। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक, 16 अप्रैल की शाम से ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में मौसम बदलना शुरू हो सकता है। 17 अप्रैल को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के आठ जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश की संभावना जताई गई है। 18 और 19 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने के आसार हैं। वहीं, मैदानी जिलों ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर में 17 अप्रैल तक मौसम साफ बना रहेगा। इन क्षेत्रों में तापमान बढ़ने का अनुमान है, जबकि 18 और 19 अप्रैल को तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।
