हिमाचल: 9 अप्रैल तक जारी रहेगी बारिश, कल परसों ओलावृष्टि-तूफान का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान ऊपरी क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार को झमाझम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश में मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने की चेतावनी जारी की है। लाहौल और किन्नौर को छोड़कर शेष दस जिलों में इन दो दिनों के दौरान ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने ओलावृष्टि, बिजली चमकने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना जताई है।
वहीं सात अप्रैल को शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने, ओलावृष्टि होने और मौसम अचानक खराब होने की संभावना जताई गई है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। आठ अप्रैल को भी मौसम का असर जारी रहने की संभावना है। इस दिन शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि अन्य छह जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल के पास भारी बर्फबारी के कारण करीब एक हजार वाहन बर्फ में फंस गए थे, जिनमें सैकड़ों पर्यटक सवार थे। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया और वाहनों को मनाली की ओर डायवर्ट किया।
बीते 24 घंटों के दौरान लाहुल, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के पांगी-भरमौर क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार गोंधला में 28.5 सेंटीमीटर, केलांग में 20 सेंटीमीटर, हंसा में पांच सेंटीमीटर और कुकुमसेरी में 1.3 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई। साथ ही इन दिनों सेब के बगीचों में फ्लॉवरिंग का दौर चल रहा है। ऐसे में शिमला जिले के कुछ एक क्षेत्रो में अचानक हुई तेज ओलावृष्टि ने सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है।
