मिडिल ईस्ट वॉर का शिकार हुआ हिमाचल का लाल, ओमान तट पर मिसाइल अटैक में कैडेट आदित्य शर्मा की मौत
अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे वैश्विक संघर्ष की भीषण आग ने हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के एक परिवार का इकलौता चिराग हमेशा के लिए बुझा दिया है। ओमान तट के समीप एक तेल टैंकर (ऑयल शिप) पर हुए मिसाइल हमले में मर्चेंट नेवी के होनहार डैक कैडेट आदित्य शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। महज सात महीने पहले, 25 नवंबर 2025 को अपनी पहली नौकरी पर निकले आदित्य को मई में छुट्टी नहीं मिल सकी थी। उन्होंने पिछले रविवार को ही फोन पर अपने पिता राजेश कुमार शर्मा से आखरी बार बात करते हुए वादा किया था, "पापा, मई में नहीं आ सका तो क्या हुआ, जुलाई में छुट्टी लेकर पक्का घर आऊंगा।" बुधवार रात जैसे ही पिता जालंधर स्थित अपने घर पहुंचे, उन्हें बेटे की इस असमय मौत की खबर मिली, जिसने पूरे परिवार के पैरों तले जमीन खिसका दी। इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी पीड़ित परिवार से फोन पर बात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। अंतरराष्ट्रीय संघर्ष की भेंट चढ़े हमीरपुर के इस लाडले की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है|
