हिमाचल: डिपुओं में सस्ती हुई ये दालें, माह दाल के बड़े दाम, जानें नई रेट लिस्ट
हिमाचल प्रदेश में इस माह राशन डिपुओं पर मिलने वाली दालों की कीमतों में बदलाव किया गया है। जहां माह दाल के दामों में बढ़ोतरी की गई है, वहीं दाल चना और मलका दाल के दामों में आंशिक राहत दी गई है। सरसों तेल की कीमतें हालांकि पहले जैसी ही बनी हुई हैं। जानकारी के अनुसार, माह दाल की कीमत में 11 रुपये प्रति किलो तक की वृद्धि हुई है। अब एपीएल राशन कार्ड धारकों को यह दाल 94 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिलेगी, जबकि पिछले महीने इसकी कीमत 83 रुपये थी। वहीं, एनएफएसए कार्डधारकों के लिए इसका नया रेट 89 रुपये प्रति किलो तय किया गया है, जो पहले 78 रुपये था।
मलका दाल की कीमतों में मामूली बदलाव किया गया है। एपीएल उपभोक्ताओं के लिए इसमें 1 रुपये की बढ़ोतरी हुई है और अब यह 72 रुपये प्रति किलो मिलेगी, जो पहले 71 रुपये थी। वहीं, एनएफएसए उपभोक्ताओं के लिए यह 1 रुपये सस्ती होकर 66 रुपये प्रति किलो हो गई है, जो पहले 67 रुपये थी। दाल चना के दामों में उपभोक्ताओं को राहत दी गई है। एपीएल कार्डधारकों के लिए इसका रेट घटाकर 66 रुपये प्रति किलो कर दिया गया है, जो पहले 73 रुपये था। वहीं, एनएफएसए उपभोक्ताओं को यह अब 61 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 68 रुपये थी।
सरसों तेल के दामों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। एपीएल और एनएफएसए दोनों श्रेणियों के उपभोक्ताओं को यह 153 रुपये प्रति लीटर की दर से ही उपलब्ध रहेगा। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक शिवराम राही ने बताया कि डिपुओं में दालों की कीमतों में संशोधन किया गया है, जिसमें माह दाल महंगी हुई है, जबकि चना और मलका दाल के दामों में कुछ कमी आई है।
