कांगड़ा: सुगभटोली कॉलेज में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हुआ आयोजित, विधायक मलेंद्र राजन रहे मौजूद
इंदौरा के राजकीय महाविद्यालय सुगभटोली में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। जिसमें विधायक मलेंद्र राजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने बताया कि संत बाबा फकीर चंद जी के प्रयासों से इस क्षेत्र में कॉलेज की स्थापना संभव हो सकी है। वर्ष 1992 में स्थापित इस कॉलेज को 6 अगस्त 2016 को प्रदेश सरकार ने अपने अधीन ले लिया था। कहा कि पिछले वर्ष 100 से कम विद्यार्थियों वाले कॉलेजों को बंद करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के समक्ष इस कॉलेज का मुद्दा उठाया, जिसके बाद सरकार ने अधिसूचना वापस लेकर कॉलेज को जारी रखने का निर्णय लिया। वर्तमान में यहां 112 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कॉलेज में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार के समक्ष मामला उठाया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में परिवहन सुविधा को देखते हुए भविष्य में इलेक्ट्रिक बस चलाने के प्रयास किए जाएंगे। विधायक ने बताया कि चंगराड़ा से वाया मकडोली रैहन सड़क का निर्माण लगभग 12.5 करोड़ रुपये तथा टप्पा से चंगराड़ा सड़क का निर्माण लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।
उन्होंने सुगभटोली वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू करवाने और क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही। इसके अलावा कॉलेज में आईसीटी लैब के लिए पांच कंप्यूटर उपलब्ध कराने और भवन की मरम्मत करवाने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नमेश कुमार, शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
