महाराष्ट्र के सतारा पहुंचे विधायक मलेंद्र राजन, स्थानीय लोगों द्वारा किया गया भव्य स्वागत
महाराष्ट्र के सतारा जिले में संगठन सर्जन अभियान के अंतर्गत पहुंचने पर विधायक मलेंद्र राजन का सतारा जिले के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। समारोह के उपरांत विधायक मलेंद्र राजन ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन सर्जन अभियान के उद्देश्यों एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह अभियान देशभर में संगठन को मजबूत करने और जन-जन तक पहुंच बनाने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सतारा जिला महाराष्ट्र का एक महत्वपूर्ण जिला है, जहां से कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण भी आते हैं।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इससे पहले वे बिहार, झारखंड, जम्मू कश्मीर और हरियाणा जैसे राज्यों में भी अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं, जहां संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण कार्य किए गए। अब महाराष्ट्र में भी इसी दिशा में सक्रिय रूप से कार्य किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि संगठन सर्जन अभियान के माध्यम से आने वाले समय में और भी व्यापक स्तर पर कार्य किए जाएंगे, जिससे संगठन की जड़ें और मजबूत होंगी तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक सकारात्मक संदेश पहुंचेगा। इस अवसर पर कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
