हिमाचल में बारिश-आंधी का दौर जारी, 4 जिलों में आज भी यलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज अभी भी बिगड़ा हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में आंधी-तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के ऊंचे और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से 8 और 9 मई को मौसम साफ रहने के आसार हैं। लेकिन यह राहत ज्यादा लंबी नहीं होगी, क्योंकि 10 और 11 मई को एक बार फिर पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में पिछले पांच दिनों से लगातार बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। इसका असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। राज्य के अधिकांश शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। कई इलाकों में पारा 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।
मई महीने में अब तक हिमाचल में सामान्य से 35 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। शिमला में 309 प्रतिशत, सिरमौर में 348 प्रतिशत, ऊना में 331 प्रतिशत और सोलन में 346 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई है। वहीं हमीरपुर में 257 प्रतिशत, कांगड़ा में 235 प्रतिशत और मंडी में 232 प्रतिशत ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।
कुल्लू में सामान्य से 9 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है, जबकि चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति ऐसे जिले हैं जहां मई में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। लगातार बदलते मौसम ने प्रदेश में मौसम के पैटर्न को भी प्रभावित किया है।
